Bulandshahr Temple Namaz Video: हनुमान मंदिर में पढ़ी नमाज, 3 लोगों पर दर्ज हुई FIR
Bulandshahr Temple Namaz Video: जिले के औरंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित ओलिना गांव में हनुमान मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Bulandshahr Temple Namaz Video
Bulandshahr Temple Namaz Video: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के औरंगाबाद थाना क्षेत्र अन्तर्गत ओलिना गांव में हनुमान मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के वायरल होते ही क्षेत्र में रहने वाले लोग आक्रोषित हो गये। जिसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं दो व्यक्तियों के विरुद्ध शांति भंग की आशंका में चालान की कार्रवाई भी की गई है।
मकान का चल रहा था निर्माण कार्य
पुलिस के अनुसार घटना 31 मई की बताई जा रही है। ओलिना गांव में रहने वाले राजकुमार के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें पड़ोसी गांव जहरा के कुछ राजमिस्त्री और मजदूर काम कर रहे थे। दोपहर के समय लंच ब्रेक के दौरान अधिकांश मजदूर भोजन करने चले गए, जबकि राजमिस्त्री असर मोहम्मद निर्माणाधीन मकान के सामने स्थित हनुमान मंदिर परिसर में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उस समय हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। इसी दौरान असर मोहम्मद ने वहां नमाज अदा की।
वीडियो वायरल होते ही भड़क उठे लोग
बताया जा रहा है कि मकान मालिक राजकुमार की सहमति के बाद उसने मंदिर परिसर में नमाज पढ़ी। इस दौरान उसका साथी नजर मोहम्मद भी मौके पर मौजूद था। घटना के समय किसी ने नमाज पढ़ने का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद गांव के कुछ लोगों ने नाराजगी जताई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही औरंगाबाद थाना प्रभारी मोहम्मद असलम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने असर मोहम्मद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में असर मोहम्मद, नजर मोहम्मद और राजकुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने असर मोहम्मद का चालान भी किया है। थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने वहां नमाज पढ़ी थी, जिससे दूसरे समुदाय के लोगों में नाराजगी उत्पन्न हुई। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।