बुलंदशहर: मानचित्र फाइल गायब करने पर छतारी चेयरमैन ,ईओ के खिलाफ FIR दर्ज

Bulandshahr News: बुलंदशहर के छतारी में मानचित्र फाइल गायब करने और पैतृक भूमि पर कब्जे के प्रयास के मामले में चेयरमैन और ईओ के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर एफआईआर दर्ज।

Update:2026-11-09 09:11 IST

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के नगर पंचायत छतारी का एक बेहद गंभीर मामला प्रकाश में आया है। छतारी के वर्तमान चेयरमैन सलीम कुरैशी पर ललित कुमार ने चुनावी रंजिश के चलते उनके स्वर्गीय पिता द्वारा मकान निर्माण हेतु जमा की गई मानचित्र (नक्शे) की पत्रावली को साजिश के तहत गायब/नष्ट करने और उनकी पैतृक भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करने के प्रयास का संगीन आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर छतारी के चेयरमैन, ईओ, साजिश में शामिल कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज हुई है।


 जानिए क्या है पूरा मामला

बुलंदशहर जनपद के छतरी थाना क्षेत्र के महावीर बाजार निवासी ललित कुमार पुत्र स्वर्गीय श्री अनिल कुमार वार्ष्णेय ने छतरी थाने में दर्ज कराई FIR में कहा है कि उनके स्वर्गीय पिता ने सितंबर 2023 में (जब वो जिंदा थे) अपनी गाटा संख्या 973/1 स्थित जमीन पर निर्माण कार्य कराने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ नगर पंचायत छतारी के कार्यालय में मानचित्र स्वीकृत कराने हेतु आवेदन किया था।

आरोप है कि नगर पंचायत के वर्तमान चेयरमैन सलीम कुरैशी ने चुनावी रंजिश और जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से उस पत्रावली को नियमों के विरुद्ध जाकर कार्यालय से अपने पास रख लिया। इसके बाद अधिकारियों से शिकायत करने पर अधिशासी अधिकारी द्वारा बताया गया कि नक्शे की फाइल नगर पंचायत अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत की गई हैं और वहां से कार्रवाई लंबित है। आवेदन के लगभग 6 माह बाद अनिल कुमार वार्ष्णेयकी मृत्यु हो गई थी, आरोप है कि चेयरमैन ने उसके बाद बयान बदला और फाइल गायब होने की बात कही

जिंदा रहते 6 माह में नहीं हो सका नक्शा स्वीकृत, मृत्यु होने पर पत्रावली बताई गायब !

वादी ललित कुमार के मुताबिक, उनके पिता अनिल कुमार की मृत्यु 17 मार्च 2024 को हो गई। पिता की मृत्यु के बाद जब दोबारा अधिकारियों से शिकायत की गई, तो नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी द्वारा 28 मार्च 2025 को एक नया और लिखित बयान दिया गया कि शिकायतकर्ता के पिता स्वयं अपनी पत्रावली वापस ले गए थे और वर्तमान में कार्यालय में कोई पत्रावली उपलब्ध नहीं है। पीड़ित का आरोप है कि आवेदन की नक्शा पत्रावली सरकारी अभिलेखों की श्रेणी में आने वाली इस महत्वपूर्ण फाइल को चेयरमैन और नगर पंचायत के अधिकारियों-कर्मचारियों ने आपस में मिलकर एक आपराधिक षड्यंत्र के तहत साजिशन गायब अथवा नष्ट कर दिया है।

जमीन कब्जाने के प्रयास का भी आरोप

दर्ज FIR में यह भी आरोप लगाया गया है कि 9 जुलाई 2025 को चेयरमैन सलीम कुरैशी ने दबंगई और गुंडागर्दी के बल पर उक्त जमीन के आगे जबरन मिट्टी डलवाकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया।

उच्चाधिकारियों से गुहार बेअसर, कोर्ट का दरवाजा खटखटाया तो हुई FIR

वादी ललित कुमार नेदर्ज कराई FIR में कहा है कि इस पूरे आपराधिक कृत्य और भ्रष्टाचार की जांच तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी व विभागीय कार्रवाई के लिए उन्होंने जिलाधिकारी बुलंदशहर, निदेशक स्थानीय निकाय निदेशालय (लखनऊ) और मुख्य सचिव (उ०प्र० शासन) के समक्ष अभियोजन की स्वीकृति प्रदान करने के लिए प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन विभाग द्वारा कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई।

थाना छतारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर को भी रजिस्टर्ड डाक द्वारा रिपोर्ट दर्ज करने के लिए प्रार्थना पत्र भेजे गए, लेकिन पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। थक-हारकर पीड़ित ने अब न्यायालय से गुहार लगाई है कि थाना अध्यक्ष छतारी को इस आपराधिक कृत्य की रिपोर्ट दर्ज कर उचित विवेचना, साक्ष्य संकलन तथा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए है। इस मामले में छतारी के चेयरमैन सलीम कुरैशी, ईओ और संबंधित कर्मचारीगण के खिलाफ BNS की धारा 238,241,61(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज हुई है।

Tags:    

Similar News