Bulandshahr News : बुलंदशहर मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर शौकेंद्र घायल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
Bulandshahr News : बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर शौकेंद्र के पैर में गोली लगी, अवैध तमंचा बरामद कर गिरफ्तार।
Bulandshahr Encounter
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में रास्ते के विवाद के दौरान फायरिंग कर दहशत फैलाने वाला हिस्ट्रीशीटर बदमाश शौकेंद्र पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।पूरा मामला खानपुर थाना क्षेत्र का है, जहां गांव माधौगढ़ में रास्ते के विवाद को लेकर हिस्ट्रीशीटर शौकेंद्र द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।
तमंचा बरामदगी के दौरान बदमाश ने की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद देर रात हिस्ट्रीशीटर शौकेंद्र को उसकी निशानदेही पर अवैध तमंचा बरामद करने के लिए गुरावली गांव ले जाया गया। स्याना के क्षेत्राधिकारी रामकरण सिंह ने बताया कि पुलिस टीम जैसे ही बताए गए स्थान पर पहुंची, तभी शौकेंद्र ने अचानक पुलिस कर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की।
इसी दौरान उसने छिपाकर रखा गया तमंचा निकाल लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में एक गोली शौकेंद्र के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
घायल बदमाश को अस्पताल में कराया गया भर्ती
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल शौकेंद्र को तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी शौकेंद्र पर पहले से आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह इलाके का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था फायरिंग का वीडियो
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले रास्ते के विवाद के दौरान शौकेंद्र द्वारा हवाई फायरिंग करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया था।इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और फिर तमंचा बरामदगी के दौरान यह मुठभेड़ हुई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।