Chandauli News: अलीनगर पुलिस और RPF की संयुक्त कार्रवाई: मालगाड़ी से तस्करी की जा रही 9 लाख रुपये की शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
Chandauli News: पुलिस ने एक मालवाहक ट्रेन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई (photo: social media )
Chandauli News: चंदौली जिले की अलीनगर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शराब की तस्करी करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मालवाहक ट्रेन से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी और देशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
अलीनगर थाने के चौकी प्रभारी लौंदा, अनंत कुमार भार्गव को आरपीएफ पोस्ट मानसनगर के उपनिरीक्षक इंद्र कुमार से सूचना मिली थी कि कुछ शराब तस्कर मुगलसराय स्टेशन से बिहार जाने वाली ट्रेनों में शराब लादकर ले जाते हैं। ये तस्कर स्टेशन के आउटर पर ट्रेन रुकने के बाद चेन पुलिंग करते हैं और फिर शराब चढ़ाते हैं। सूचना में यह भी बताया गया कि आज ये लोग न्यू गंज ख्वाजा रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन में शराब लादने वाले हैं।
संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर तस्कर को पकड़ा
इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी लौंदा ने थाना प्रभारी अलीनगर को सूचित किया। इसके बाद उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव (चौकी प्रभारी आलू मिल), उप निरीक्षक इंद्र कुमार (आरपीएफ पोस्ट मानसनगर), उपनिरीक्षक राजेश कुमार चंद, उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह (सीआईबी डीडीयू), और सहायक उपनिरीक्षक सतीश कुमार सिंह (सीआईबी डीडीयू) के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने मुगलसराय की तरफ से न्यू गंज ख्वाजा स्टेशन की ओर आ रही एक मालवाहक ट्रेन के आउटर पर घेराबंदी की।
ट्रेन के धीमे होते ही टीम ने देखा कि एक व्यक्ति पटरी के किनारे रखे बोरों को उठाकर ट्रेन में लाद रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
भारी मात्रा में शराब बरामद
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान प्रमोद चौधरी पुत्र श्रीपति चौधरी, निवासी ग्राम खेमदा बारुण, थाना बारुण, जनपद औरंगाबाद, बिहार के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष है। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से ट्रेन में चढ़ाए गए और रेलवे ट्रैक के किनारे रखे कुल 17 बोरे बरामद हुए। इन बोरों में 16 बोरों में देशी शराब (प्रत्येक पेटी में 45 टेट्रा पैक, प्रत्येक पैक में 200 एमएल) कुल 576 लीटर, और 01 बोरे में अंग्रेजी शराब (4 पेटी, प्रत्येक में 48 पाउच, प्रत्येक पाउच में 180 एमएल) कुल 34.56 लीटर, इस प्रकार कुल 610.56 लीटर देशी और अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इसके अलावा पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और 235 रुपये भी जब्त किए हैं।
पूछताछ में खुलासा: पहले भी कर चुका है तस्करी
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त प्रमोद चौधरी ने बताया कि वह इस मालवाहक गाड़ी में शराब लादकर बिहार ले जा रहा था। उसने यह भी बताया कि इससे पहले 09 जून 2025 को भी वह इसी तरह एक मजदूर की मदद से 03 बोरों और एक पिट्ठू बैग में शराब लेकर ट्रेन में लाद रहा था, लेकिन पुलिस के आ जाने पर वे दोनों शराब छोड़कर भाग गए थे और उस दिन भी उसकी पूरी शराब पकड़ ली गई थी।
आगे की कार्रवाई जारी
इस संबंध में थाना अलीनगर में मु.अ.सं 247/25 धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी है, जिसके खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध शराब तस्करी में और कौन- कौन लोग शामिल हैं।