Chandauli News:बिहार चुनाव से पहले ट्रेन में ₹24.40 लाख कैश जब्त, संदिग्ध व्यक्ति हिरासत में
Chandauli News: बिहार चुनाव से पहले चंदौली में अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस में 24.40 लाख रुपये नकद बरामद, संदिग्ध घनश्याम वर्मा को हिरासत में लेकर मामला आयकर विभाग को सौंपा गया।
Chandauli News
Chandauli News: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने DDU स्टेशन के पास बड़ी सफलता हासिल की है।अमृतसर -हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध यात्री के पास से 24 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। यह व्यक्ति इस भारी-भरकम रकम के बारे में कोई संतोषजनक जवाब या वैध दस्तावेज़ नहीं दिखा सका, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूरे मामले को आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया है।
अभियान के दौरान हुई बरामदगी
रेलवे में अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का नेतृत्व अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी., पुलिस महानिरीक्षक रेलवे मोदक राजेश डी० राव और पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशान्त वर्मा के निर्देश पर किया जा रहा है। इसी क्रम में,पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के पर्यवेक्षण में जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी।
संदिग्ध यात्री की पहचान
चेकिंग के दौरान, अमृतसर-हावड़ा ट्रेन के एस-1 कोच में एक व्यक्ति संदिग्ध लगा। पूछताछ करने पर उसकी पहचान घनश्याम वर्मा (उम्र करीब 28 वर्ष) के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के मुंशीपुर थाना क्षेत्र का निवासी है।
भारी मात्रा में नकदी जब्त
घनश्याम वर्मा के पास एक काले रंग का पिट्ठू बैग था। बैग की तलाशी ली गई तो उसमें पूरे 24,40,000/- रुपये (चौबीस लाख चालीस हजार रुपये) नकद मिले। इतनी बड़ी रकम के बारे में जब उससे पूछा गया, तो वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया और न ही कोई ज़रूरी कागज़ात पेश कर सका।
मामला आयकर विभाग को सौंपा गया
बिना हिसाब-किताब की इतनी बड़ी राशि मिलने पर, जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने तुरंत आयकर विभाग, वाराणसी को इस बारे में सूचना दी। सूचना मिलते ही आयकर विभाग की टीम मौके पर थाना जीआरपी डीडीयू पहुँची। संदिग्ध व्यक्ति घनश्याम वर्मा और बरामद नोटों से भरा बैग दोनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।इस महत्वपूर्ण बरामदगी को अंजाम देने वाली टीम में जीआरपी और आरपीएफ दिलदारनगर चौकी के अधिकारी/कर्मचारी शामिल थे, जिसमें प्रभारी निरीक्षक गणेश सिंह आर.पी.एफ. पोस्ट दिलदारनगर उ०नि०जैदान सिंह, उ०नि० नवीन कुमार, का० आशीष सिंह, का० अरुण कुमार सिंह और का० अंजनी कुमार गुप्त मुख्य रूप से शामिल थे।