Chandauli News: पैतृक संपत्ति के विवाद में खूनी संघर्ष, दो घायल, पुलिस जांच में जुटी

Chandauli News: चंदौली के सदर थाना क्षेत्र स्थित इलिया मोड़ पर पैतृक संपत्ति के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Update:2026-06-27 19:40 IST

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत इलिया मोड़ पर शनिवार को पैतृक संपत्ति के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परिवार के भीतर लंबे समय से चल रहे संपत्ति विवाद के चलते दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसमें मारपीट की घटना में दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि परिवार में सात बहनों के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। इसी बीच पिता द्वारा अपनी एक बेटी के नाम दान पत्र (गिफ्ट डीड) किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया। इसी बात को लेकर शनिवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

घायलों ने आरोप लगाया है कि बहनोई अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और साला तथा सरहज के साथ मारपीट की। इस घटना में जितेंद्र वर्मा (50 वर्ष) और तारा देवी (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराते हुए पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों से पूछताछ की। मामले में मिली तहरीर के आधार पर साक्ष्यों का संकलन किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि संपत्ति विवाद को लेकर मारपीट की सूचना प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पारिवारिक विवाद का समाधान हो जाता तो यह नौबत नहीं आती। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Tags:    

Similar News