Chandauli News: एक फंदा और मां-बेटे का लटकता मिला शव, घटना से मची सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय में मां और ढाई वर्षीय बेटे का शव एक ही फंदे से लटका मिला। पुलिस आत्महत्या समेत सभी पहलुओं से जांच में जुटी।

Update:2026-06-27 09:45 IST

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हनुमान पुर स्थित अहिरान बस्ती में शुक्रवार देर रात मां और उसके ढाई वर्षीय मासूम बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन एक ही फंदे पर मां और मासूम बेटे के लटके मिलने की परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमान पुर निवासी अजय कुमार पटेल की शादी मिर्जापुर जनपद के मठना गांव निवासी प्रिया से हुई थी। दोनों का ढाई वर्षीय बेटा युवराज था। शुक्रवार रात प्रिया अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर न आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो मां और मासूम बेटे को फंदे से लटका देख सभी के होश उड़ गए।

परिजन दोनों को तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि फंदा एक ही था तो मां और मासूम बेटा एक साथ उस पर कैसे लटके मिले। क्या पहले बच्चे को फंदे पर लटकाया गया और उसके बाद महिला ने आत्महत्या की, या फिर घटनास्थल की परिस्थितियां किसी अन्य घटना की ओर संकेत कर रही हैं। इन सभी सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे।

इस संबंध में सीओ मुगलसराय ने बताया की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है, लेकिन अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, प्रताड़ना और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से मामले की जांच कर रही है

Tags:    

Similar News