Chandauli News:भगवानपुर-नवही-धरौली मार्ग की बदहाली से ग्रामीणों में आक्रोश,कभी भी फूट सकता है गुस्सा
Chandauli News: चंदौली के भगवानपुर-नवही-धरौली मार्ग की बदहाली से ग्रामीण नाराज, जल्द मरम्मत नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जिले का भगवानपुर-नवही-धरौली गंगा नहर मार्ग इन दिनों अपनी बदहाल स्थिति के कारण लोगों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। एनएच-19 से करीब चार किलोमीटर लंबी यह सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। हालत ऐसी है कि यह समझना मुश्किल हो गया है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। हर दिन इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो वर्षों से इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। लगातार ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और बारिश के चलते सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण बाइक सवार, स्कूली बच्चे, किसान और अन्य राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं।जिसको लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
यह मार्ग बिहार और नौगढ़ क्षेत्र को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। इतना ही नहीं, समय-समय पर प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के वीआईपी काफिले भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा था, लेकिन आज तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने एनएचएआई विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सियन) की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्रामीण मुन्ना यादव, राजेन्द्र और चुडडू ने बताया कि सड़क की बदहाली के कारण रोज दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।