मनोज सिंह डब्लू के गांव पहुंचे BJP MLC विनीत सिंह, भागवत कथा में हुए शामिल

Chandauli Bhagwat Katha: चंदौली के माधोपुर गांव में पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने पिता की पुण्यतिथि पर भागवत कथा का आयोजन कराया। पहले दिन BJP MLC विनीत सिंह और कथा वाचिका गौरांगी गौरी शामिल हुए।

Update:2026-11-27 09:53 IST

Chandauli Bhagwat Katha

Chandauli Bhagwat Katha: चंदौली के माधोपुर गांव में समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अपने पिता की पुण्यतिथि पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कराया। कथा के पहले दिन अंतरराष्ट्रीय कथा वाचिका गौरांगी गौरी जी ने भागवत महात्म्य का वर्णन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा सुनने पहुंचे। कार्यक्रम में भाजपा एमएलसी विनीत सिंह भी शामिल हुए। वह सपा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के रिश्ते में समधी हैं। उनके साथ चहनिया के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह गुड्डू ने भी कथा श्रवण किया।

राम कथा जीवन जीना सिखाती है, भागवत मोक्ष का मार्ग बताती है

कथा के शुभारंभ के साथ ही माधोपुर गांव का माहौल भक्तिमय हो गया। कथा वाचिका गौरांगी गौरी जी ने श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने कहा कि राम जी की कथा हमें जीवन जीने का ढंग सिखाती है, जबकि भागवत कथा मृत्यु और मोक्ष का मार्ग बताती है। श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मनुष्य को जीवन के वास्तविक उद्देश्य से परिचित कराने वाला आध्यात्मिक माध्यम है। इसके श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति, वैराग्य और सद्कर्म की भावना जागृत होती है।

विनीत सिंह बोले- धार्मिक आयोजनों से समाज में बढ़ती है सकारात्मक ऊर्जा

कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा एमएलसी विनीत सिंह ने धार्मिक आयोजनों को समाज के लिए सकारात्मक बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में समाज में धार्मिक कथाओं के आयोजन और श्रवण का प्रचलन तेजी से बढ़ा है। यह एक अच्छी पहल है। सामान्य तौर पर मनुष्य अपने निजी स्वार्थ के लिए विभिन्न कार्य करता है, लेकिन भगवान की कथा का आयोजन लोकहित और परमार्थ के उद्देश्य से किया जाता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। लोगों को अपनी संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।

पिता की पुण्यतिथि पर कराया भागवत कथा का आयोजन

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने अपने पैतृक गांव माधोपुर में पिता की पुण्यतिथि पर इस कथा का आयोजन कराया है। पहले दिन भागवत महात्म्य के वर्णन के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कथा के आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, कर्म, भक्ति और मोक्ष का संदेश दिया जाएगा।

Tags:    

Similar News