Chandauli News: तीन दिन में बीज नहीं उठाया तो निरस्त होगा चयन, प्रतीक्षारत किसानों को मिलेगा मौका
Chandauli News: चंदौली में रबी अभियान के तहत ऑनलाइन बुकिंग, ई-लॉटरी और ऑटो-कन्फर्म से चयनित किसानों को तीन दिन के भीतर राजकीय बीज गोदाम से बीज उठाना होगा।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली के जिला कृषि अधिकारी ने बताया ने रबी अभियान के तहत जनपद में राजकीय कृषि बीज गोदामों से बीज वितरण की प्रक्रिया तेजी से संचालित की जा रही है। इसके बावजूद ऑनलाइन बुकिंग, ई-लॉटरी और ऑटो-कन्फर्म के माध्यम से चयनित कुछ किसान अब तक अपना बीज प्राप्त करने नहीं पहुंचे हैं। ऐसे किसानों को जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने तीन दिन के भीतर संबंधित राजकीय बीज गोदाम से बीज उठान करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में बीज नहीं उठाने पर उनका चयन निरस्त कर प्रतीक्षारत और नए किसानों को बीज प्राप्त करने का अवसर दिया जाएगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कृषि विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा अक्टूबर माह से शुरू रबी अभियान के अंतर्गत जनपदवार बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत चंदौली को गेहूं का 9849 कुंतल, चना 246.08 कुंतल, मटर 5 कुंतल, मसूर 116.96 कुंतल और सरसों का 6 कुंतल बीज आवंटित किया गया था। किसानों द्वारा इन बीजों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन बुकिंग कराई गई थी। गेहूं की प्रमुख प्रजातियों में DBW-327, DBW-303, DBW-222 और DBW-187 शामिल हैं। वहीं चना की RVG-204 और BG-3062, मटर की HFP-1428, मसूर की L-4729 तथा सरसों की गिरिराज प्रजाति का बीज शामिल है।उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 2026 तक गेहूं के 9624 कुंतल के वितरण लक्ष्य के सापेक्ष 5800 कुंतल बीज वितरित किया जा चुका है। चना का 246.08 कुंतल, मटर का 5 कुंतल, मसूर का 109 कुंतल तथा सरसों का 6 कुंतल बीज किसानों को वितरित किया जा चुका है। वर्तमान में गेहूं बीज वितरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है और 3824 कुंतल गेहूं का बीज वितरण के लिए अवशेष है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि बड़ी संख्या में ऐसे किसान बीज गोदामों पर पहुंच रहे हैं, जिन्होंने ऑनलाइन बुकिंग नहीं कराई है। इसके कारण उन्हें बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। विभागीय कर्मचारियों द्वारा फोन से संपर्क करने और पूर्व में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सूचना देने के बावजूद कुछ चयनित किसान अपना बीज लेने नहीं पहुंचे हैं।उन्होंने अपील की कि ऑनलाइन बुकिंग, ई-लॉटरी अथवा ऑटो-कन्फर्म के माध्यम से चयनित सभी किसान तीन दिनों के भीतर अपने संबंधित राजकीय बीज गोदाम से बीज प्राप्त कर लें। अन्यथा उनका चयन निरस्त कर प्रतीक्षारत एवं नए किसानों की बुकिंग के माध्यम से बीज वितरण किया जाएगा। निर्धारित समय में बीज नहीं उठाने की जिम्मेदारी संबंधित किसान की होगी।