Chandauli News: मकान में अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद,14 तस्कर हिरासत में
Chandauli News: सदर पुलिस ने कैली रोड स्थित मकान में छापेमारी कर 10 पुरुषों, दो महिलाओं और दो किशोरों को हिरासत में लिया, नकदी और बाइक भी बरामद हुई।
मकान में अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद,14 तस्कर हिरासत में (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सदर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के एक बड़े जखीरे का भंडाफोड़ किया है। सदर कोतवाली पुलिस ने कैली रोड स्थित एक मकान में छापेमारी कर बिना वैध अनुमति के भंडारित 1070 लीटर अवैध शराब बरामद की है। मौके से 10 पुरुषों, दो महिलाओं और दो किशोरों समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 26,570 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उच्चाधिकारियों के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने बुधवार की सुबह कैली रोड स्थित आकाश तिवारी के मकान पर छापेमारी की।
पुलिस टीम ने मकान की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद 10 पुरुष, दो महिलाएं और दो किशोरों को हिरासत में लिया गया। बरामदगी में कुल 1070 लीटर अवैध शराब, यूपी 67 डब्ल्यू 1979 नंबर की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 26,570 रुपये नकद शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में कोतवाली चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 544/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 60 और 63 में अभियोग पंजीकृत किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। हिरासत में लिए गए किशोरों के संबंध में पुलिस द्वारा बाल अपचारी के तौर पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक राजेश कुमार, मारकंडेय सिंह, हरेंद्र यादव समेत पुलिसकर्मी तनिष्क साहू, प्रियेश यादव, आदर्श शर्मा तथा महिला कांस्टेबल रागिनी सिंह और उर्वशी सिंह शामिल रहीं।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब बरामद शराब के स्रोत, भंडारण के उद्देश्य और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।