Chandauli: जिला मुख्यालय के पास कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, छापेमारी में कई युवक-युवतियां मिले
Chandauli News: सदर कोतवाली पुलिस और सीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में सात युवक, तीन युवतियां और दो संचालिकाएं पकड़ी गईं। पुलिस पूछताछ और आगे की जांच में जुटी है।
Chandauli News: चंदौली जनपद के जिला मुख्यालय के पास कथित रूप से संचालित हो रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके से सात युवक और तीन युवतियों तथा दो संचालिकाओं को पकड़ा गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, मुख्यालय के पास एक स्थान पर कथित तौर पर लंबे समय से गुपचुप तरीके से देह व्यापार का धंधा संचालित किए जाने की आशंका जताई जा रही थी। बताया जा रहा है कि यहां बाहरी लोगों का आना-जाना लगा रहता था। गतिविधियों को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चाएं थीं। इसी स्थान से पहले भी कार्रवाई हो चुकी है लेकिन यह धन्धा बंद नहीं हुआ।इसी बीच पुलिस को कथित सेक्स रैकेट के संचालन की फिर सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात युवक और तीन युवतियों सहित दो संचालिका को भी मौके से पकड़ा है। इसके बाद सभी को पुलिस अपने साथ ले गई। फिलहाल पुलिस बरामद युवतियों और पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित तौर पर इस गतिविधि का संचालन कौन कर रहा था और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा सकती है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित रूप से यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं था।
पुलिस की कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। फिलहाल मामले में पूछताछ और जांच जारी है। पुलिस की ओर से अभी पकड़े गए युवक-युवतियों की संख्या, उनकी पहचान और अन्य बरामदगी के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सीओ सदर नामेंद्र कुमार रावत,थाना अध्यक्ष सदर त्रिवेदी सिंह सहित पुलिस टीम शामिल रही।