स्थगन आदेश के बावजूद पुश्तैनी मकान पर हो रहा निर्माण,पुलिस से पीड़ित महिला ने लगाई गुहार
Chandauli News: बलुआ थाना क्षेत्र के परासी गांव निवासी महिला ने पट्टीदारों पर जबरन निर्माण कराने और धमकी देने का आरोप लगाया है। स्थानीय पुलिस पर भी कार्रवाई न करने के आरोप हैं।
Chandauli News: चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के परासी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि अपर आयुक्त प्रशासन, वाराणसी मंडल द्वारा जारी स्थगन आदेश के बावजूद उसके पट्टीदार पुश्तैनी मकान को तोड़कर जबरन निर्माण कार्य करा रहे हैं। इस मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए महिला ने विपक्षियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परासी गांव निवासी समलावती देवी पत्नी कमला गिरी ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में स्थित पुश्तैनी मकान गाटा संख्या 150 नंबर के जमीन का हिस्सा है। उक्त संपत्ति को लेकर मामला अपर आयुक्त प्रशासन, वाराणसी मंडल के न्यायालय में विचाराधीन है, जहां से स्थगन आदेश भी जारी किया गया है। इसके बावजूद उनके पट्टीदार ओमकार गिरी और आनंद गिरी कथित तौर पर आदेश की अवहेलना करते हुए पुश्तैनी मकान को तोड़कर जमीन की नवैयत बदलने की मंशा से निर्माण कार्य करा रहे हैं।
पीड़िता का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने कई बार पुलिस चौकी और थाना को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विपक्षी दबंगई के बल पर लगातार निर्माण कार्य करा रहे हैं। बीते 20 और 22 नवंबर को भी दिन-रात निर्माण कार्य कराया गया। इसके बावजूद पुलिस की ओर से निर्माण रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह निर्माण कार्य का विरोध करती हैं तो विपक्षी उनके साथ गाली-गलौज करते हैं और भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए जानमाल की धमकी देते हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना स्तर पर समाधान दिवस और मोहरगंज चौकी पर भी शिकायत की गई थी, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उल्टे उन्हें ही परेशान किए जाने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार फर्जी तरीके से मेरे हिस्से की जमीन को वसीयत कर लिया गया है मकान और जमीन का विवाद सिविल जज (सीनियर डिवीजन), चंदौली के न्यायालय में भी विचाराधीन है। ऐसे में न्यायालयीन प्रक्रिया और स्थगन आदेश के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहना गंभीर चिंता का विषय है।
समलावती देवी ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि अपर आयुक्त प्रशासन के स्थगन आदेश का सम्मान और अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए तथा विवादित जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाते हुए विपक्षी ओमकार गिरी और आनंद गिरी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।