महिला हिंसा के खिलाफ चंदौली में उठेगी आवाज, साइकिल रैली से कैंडल मार्च तक होंगे आयोजन

Chandauli News: चंदौली में महिला हिंसा के खिलाफ 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक जागरूकता अभियान चलेगा। ग्राम्या संस्थान साइकिल रैली, नुक्कड़ नाटक और कैंडल मार्च के जरिए लोगों को जागरूक करेगा।

Update:2026-11-24 17:03 IST

ग्राम्या संस्थान की सचिव बिन्दु सिंह

Chandauli News: महिलाओं और लड़कियों के प्रति होने वाली हिंसा को रोकने तथा समाज में व्यापक जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से ग्राम्या संस्थान द्वारा 25 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक ‘महिला हिंसा विरोध पखवाड़ा’ मनाया जाएगा। संस्थान की सचिव एवं प्रमुख कार्यकारी बिन्दु सिंह ने इस 16 दिवसीय अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए समाज के सभी वर्गों और पत्रकारों से इसमें सहभागी बनने का आह्वान किया है।

वंचित समुदायों के सशक्तिकरण में जुटी है संस्था

बिन्दु सिंह ने बताया कि ग्राम्या संस्थान पिछले 30 वर्षों से चंदौली जनपद के नौगढ़ और चकिया विकास खंड के चिह्नित गांवों में अत्यंत पिछड़े एवं हाशिये के समुदायों के उत्थान के लिए कार्यरत है। संस्था सामुदायिक संगठन निर्माण, महिला व किशोरी समूहों के सशक्तिकरण तथा समूह लीडरों की नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर काम करती है। इसके साथ ही जेंडर समानता, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, प्रजनन स्वास्थ्य, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, शिक्षा, पोषण, आजीविका संवर्धन, कौशल प्रशिक्षण और मूलभूत सरकारी योजनाओं तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाती हैं।

वैश्विक अभियान के तहत जिले में होंगे विविध आयोजन

बिन्दु सिंह के अनुसार, पूरे विश्व में प्रतिवर्ष 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक ‘महिला हिंसा विरोध पखवाड़ा’ आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य हिंसा की रोकथाम के लिए पुरजोर आवाज उठाना और जेंडर आधारित हिंसा रोकने की पहल को प्रोत्साहित करना है। इसी क्रम में जनपद में निम्नलिखित कार्यक्रम तय किए गए हैं:

25 नवंबर 2026: सुबह 11:00 से दोपहर 12:30 बजे तक अंबेडकर पार्क, तेंदुआ, नौगढ़ से थाना परिसर नौगढ़ तक बालक-बालिकाओं की साइकिल रैली से अभियान शुरू होगा। दोपहर 1:00 से 2:30 बजे तक थाना परिसर नौगढ़ में समापन व सामूहिक बैठक होगी।

30 नवंबर 2026: सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक ग्राम-कवई पहाड़पुर (धानापुर) तथा दोपहर 1:00 से 2:30 बजे तक ग्राम-कुसुम्ही (धानापुर) में नुक्कड़ नाटक व पपेट शो होंगे। शाम 4:30 से 5:30 बजे तक धानापुर बाजार क्षेत्र से ब्लॉक ऑफिस तक कैंडल मार्च निकलेगा।

1 व 3 दिसंबर 2026: दोनों दिन शाम 4:30 से 5:30 बजे तक क्रमशः नौगढ़ थाना से नौगढ़ बाजार तक तथा ब्लॉक ऑफिस, चकिया से गांधी पार्क तक मोमबत्ती जुलूस निकाला जाएगा।

5 से 10 दिसंबर 2026: नौगढ़ व चकिया विकास खंड के चिह्नित डिग्री व इंटर कॉलेजों में पपेट शो और ऑडियो-विजुअल के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम होंगे।

अभियान की सफलता के लिए मांगा सहयोग

बिन्दु सिंह ने पत्रकारों से अपील की है कि वे अपने व्यस्त समय में से समय निकालकर इन नियोजित गतिविधियों में सहभागिता करें। उन्होंने विश्वास जताया कि मीडिया के सहयोग और मार्गदर्शन से यह अभियान सफल होगा और संस्थान को नई ऊर्जा मिलेगी।

Tags:    

Similar News