Chandauli News: जनगणना कार्य के दौरान शिक्षक से मारपीट, कार्रवाई व सुरक्षा की मांग
Chandauli News: चंदौली के चहनिया ब्लॉक के महड़वरा गांव में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के चहनिया ब्लाक अंतर्गत महड़वरा गांव में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित शिक्षक ने उप जिलाधिकारी सकलडीहा से सुरक्षा की मांग करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार प्रगणक (HLB-0351) के रूप में नियुक्त शिक्षक अभिषेक उपाध्याय ग्राम महड़वरा, थाना बलुआ क्षेत्र में जनगणना का फील्ड कार्य कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी ओमप्रकाश निषाद उर्फ साचू पुत्र अभय निषाद ने शराब के नशे में उनके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। इतना ही नहीं, शिक्षक का सामान छीनने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का भी आरोप लगाया गया है।पीड़ित शिक्षक का कहना है कि आरोपी लगातार धमकी देते हुए जनगणना कार्य बंद करने का दबाव बना रहा था। घटना के बाद शिक्षक ने तत्काल तहसीलदार को फोन कर मामले की जानकारी देने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद वह सीधे उप जिलाधिकारी सकलडीहा के आवास पहुंचे और लिखित प्रार्थना पत्र देकर सुरक्षा तथा कार्रवाई की मांग की।
प्रार्थना पत्र में शिक्षक ने कहा है कि वह अपनी जान-माल को लेकर भयभीत हैं और मौजूदा स्थिति में जनगणना कार्य करने में स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए तथा मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।मामले को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर ने तत्काल बलुआ थाना अध्यक्ष को फोन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही प्रार्थना पत्र पर भी जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।