Chandauli: छठ पूजा की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा, करंट की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री की मौत
Chandauli News: चंदौली के धानापुर स्थित विजयदशमी पोखरा पर छठ पूजा की तैयारियों के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। लाइटिंग और पोस्टर लगाने का काम कर रहे 18 वर्षीय बिजली मिस्त्री कार्तिक की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के विजयदशमी पोखरा पर गुरुवार शाम छठ पूजा की तैयारियों के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पोखरे पर लाइटिंग और पोस्टर लगाने का काम कर रहे 18 वर्षीय बिजली मिस्त्री की हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पहचान कार्तिक के रूप में हुई है, जो वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र का निवासी था। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डाला छठ पर्व को लेकर धानापुर के विजयदशमी पोखरा पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा और पोखरे को आकर्षक रूप देने के लिए लाइटिंग के साथ-साथ पोस्टर और सजावट का काम कराया जा रहा था। इसी कार्य के लिए वाराणसी से बिजली मिस्त्री बुलाए गए थे। गुरुवार शाम कार्तिक भी पोस्टर लगाने के काम में जुटा हुआ था।बताया जा रहा है कि काम के दौरान ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में कार्तिक आ गया।
करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलसकर अचेत हो गया। अचानक हुए हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी ने बताया कि बिजली का करंट लगने से मिस्त्री की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।