चंदौली में छत के रास्ते किसान के घर में घुसे चोर, 1.20 लाख नकदी व लाखों के गहने चोरी
Chandauli News: चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के सेमरा गांव में चोरों ने किसान के घर को निशाना बनाया। बक्से तोड़कर 1.20 लाख रुपये नकद व लाखों के गहने ले उड़े चोर।
Chandauli Theft News
Chandauli News: चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला बलुआ थाना क्षेत्र के सेमरा गांव का है, जहां गुरुवार की देर रात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए नकदी और महिलाओं के लाखों रुपये के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर में पीछे की तरफ से छत पर चढ़कर सीढ़ियों के रास्ते दाखिल हुए और आराम से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेमरा गांव निवासी सुरेश यादव खेती-बाड़ी का कार्य करते हैं और अपने परिवार के साथ गांव में रहते हैं। गुरुवार की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान रात करीब दो बजे चोर पीछे की तरफ से छत पर चढ़े और सीढ़ियों के रास्ते घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने घर में रखे बड़े बक्से और छोटे बक्सों का ताला तोड़कर उनमें रखे कीमती सामान, नकदी और आभूषण चोरी कर लिए।
शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे सुरेश यादव की नींद खुली तो घर का बाहरी दरवाजा खुला देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाकर देखा तो बड़े बक्सों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तत्काल पत्नी और बच्चों को जगाया तथा शोर मचाया। जांच करने पर पता चला कि घर से दो छोटे बक्से और एक बड़ा बैग गायब है। बड़े बक्से में भैंस बेचकर रखे गए 1 लाख 20 हजार रुपये नकद भी चोर उठा ले गए थे।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए सामान में पत्नी और बेटी के तीन जोड़ी सोने के झुमके, तीन सोने के लॉकेट, मंगलसूत्र, सोने की मंटिका, चांदी की तीन जोड़ी पायल, दो करधनी, दो जोड़ी पैजनी, एक सोने की सिकड़ी और दो सोने की अंगूठियां शामिल हैं। इसके अलावा छोटी बेटी की सोने की सिकड़ी और चांदी की पायल भी चोरी हुई है। वहीं दूसरे बक्से में रखी उनकी बहन की सोने की मंटिका, चांदी की करधनी, एक जोड़ी पैजनी, सोने की अंगूठी और सोने की सिकड़ी भी चोर ले गए। चोर घर में रखी अरहर की दाल और कपड़े तक उठा ले गए।
घटना की जानकारी पीड़ित ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बलुआ पुलिस मौके पर पहुंची और हल्का प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। ग्रामीणों के अनुसार घर से करीब एक किलोमीटर दूर बाजरे के खेत में दो टूटे हुए बक्से मिले, जबकि कुछ दूरी पर धान के खेत में दो बैग और कपड़े बिखरे पड़े मिले। सुरेश यादव ने उनकी पहचान अपने घर के सामान के रूप में की।बलुआ थाना अध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि चोरों द्वारा घर में चोरी की गई है उसकी जांच की जा रही है,शीघ्र चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।