Chandauli News: नशा समाज और युवा पीढ़ी को दीमक की तरह कर रहा खोखला: प्रो. संजय
Chandauli News: चंदौली के लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में नशामुक्ति जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। प्रो. संजय ने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी को दीमक की तरह खोखला कर रहा है, इसलिए नशामुक्त भारत के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जिले के मुगलसराय लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से नशामुक्ति विषय पर जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. संजय ने कहा कि नशा एक दीमक की तरह है, जो समाज और युवा पीढ़ी को अंदर से खोखला कर रहा है। स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए नागरिकों का शारीरिक और मानसिक रूप से नशामुक्त रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश की ऊर्जावान युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आकर अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ उज्ज्वल भविष्य को भी बर्बाद कर रही है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के युवाओं का नशामुक्त होना आवश्यक है। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और यदि यही शक्ति नशे की गिरफ्त में चली गई तो राष्ट्र के विकास की गति प्रभावित होगी।
वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्ति को केवल सरकारी अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देना होगा। इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही खेल, कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। युवाओं को सकारात्मक दिशा में प्रेरित कर नशे से दूर रखा जा सकता है।कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ समन्वयक श्री संजय कुमार ने किया। डा. मीना तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। गोष्ठी में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े स्वयंसेवक उपस्थित रहे।