Chandauli News: मुगलसराय में 8.80 करोड़ के नगर पालिका भवन का भूमि पूजन, विधायक ने किया शुभारंभ

Chandauli News: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में 8.80 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए नगर पालिका कार्यालय भवन का विधायक रमेश जायसवाल ने भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन से नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।

Update:2026-08-07 21:05 IST

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय/पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के नए कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ शुक्रवार को विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास के साथ किया गया। लगभग 8 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक कार्यालय भवन नगर की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से तैयार किया जाएगा।

भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नया नगर पालिका कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिससे आम नागरिकों को विभिन्न प्रशासनिक सेवाएं पहले की अपेक्षा अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।

विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के माध्यम से प्रदेश के नगर निकायों का तेजी से विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नए कार्यालय भवन के निर्माण से नगर पालिका के कार्यों में गति आएगी और नागरिकों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, कर संबंधी कार्य, लाइसेंस, शिकायत निस्तारण सहित अन्य सेवाओं के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। उन्होंने इसे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष सोनू किन्नर, भाजपा दीनदयाल नगर मंडल अध्यक्ष कुंदन सिंह, भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शिव शंकर पटेल, जिला पंचायत सदस्य दिलीप सोनकर, अधिशासी अधिकारी धर्मराज यादव, नगर पालिका के सभासदगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाएगा, जिससे नगरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया नगर पालिका कार्यालय शीघ्र उपलब्ध हो सके। लोगों ने इस परियोजना को नगर के विकास और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

Tags:    

Similar News