Chanduali News: अखिलेश यादव के साथ पूर्व विधायक बब्बन चौहान की फोटो वायरल,चर्चाओं का बाजार गर्म

Chanduali News: चंदौली के पूर्व विधायक बब्बन चौहान ने सपा में जाने की अटकलों को किया खारिज, बोले- भाजपा में हूं और भाजपा में ही रहूंगा।

Update:2026-08-02 23:25 IST

Chanduali News

Chandauli News: चंदौली जनपद में मुगलसराय के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता बब्बन चौहान की समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया। फोटो सामने आने के बाद यह कयास लगाए जाने लगे कि बब्बन चौहान भारतीय जनता पार्टी छोड़कर समाजवादी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, पूर्व विधायक ने इन सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, वायरल तस्वीर में पूर्व विधायक बब्बन चौहान अपने पुत्रों के साथ सपा प्रमुख अखिलेश यादव से औपचारिक मुलाकात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जिले की राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गईं और उनके भाजपा छोड़ने की अटकलें लगाई जाने लगीं।

इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बब्बन चौहान ने स्पष्ट कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और पार्टी छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा, "हम लोग पक्ष और विपक्ष सभी नेताओं से मिलते हैं। अखिलेश यादव जी से मुलाकात करना कोई गुनाह नहीं है। मैं भाजपा में हूं और भाजपा में ही रहूंगा।" उन्होंने कहा कि एक शिष्टाचार मुलाकात को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।

उधर, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने भी इस मामले में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि पूर्व विधायक बब्बन चौहान के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर ऐसी कोई सूचना या कार्यक्रम नहीं है, जिससे यह कहा जा सके कि बब्बन चौहान सपा की सदस्यता लेने जा रहे हैं।

गौरतलब है कि बब्बन चौहान मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं और जिले की राजनीति में उनकी पहचान एक प्रभावशाली नेता के रूप में रही है। फिलहाल वायरल तस्वीर को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है, लेकिन भाजपा और सपा दोनों पक्षों की ओर से पार्टी बदलने की अटकलों को खारिज किए जाने के बाद स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है।

Tags:    

Similar News