चंदौली में 5 से 21 जून तक जनजागरूकता अभियान, प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने की समीक्षा बैठक
Chandauli News: चंदौली में प्रभारी मंत्री संजीव गोंड की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। 5 जून से 21 जून तक चलने वाले “सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण” अभियान के तहत वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, जनचौपाल, किसान कार्यशालाएं और विकास प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्री संजीव गोंड की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान को सफल बनाना है। प्रभारी मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ये 12 साल देश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के स्वर्णिम अध्याय रहे हैं।
5 से 21 जून तक चलेगा महाअभियान: जानिए पूरा शेड्यूल
प्रभारी मंत्री संजीव गोंड ने निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के लिए 5 जून से 21 जून 2026 तक प्रदेशभर में “सेवा, सुशासन, संस्कार एवं सम्मान” अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिला स्तर पर निम्नलिखित कार्यक्रमों का आयोजन होगा: 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस): 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत जिले भर में रिकॉर्ड वृक्षारोपण और स्वच्छता कार्यक्रम। 8 से 14 जून:"सरकार आपके द्वार" अभियान के तहत जनसमस्या समाधान शिविरों का आयोजन।
14 से 16 जून:जनकल्याण शिविर और स्वास्थ्य मेलों का आयोजन, जिसमें आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि और अटल पेंशन योजना का लाभ दिया जाएगा।
17 से 20 जून: भव्य विकास प्रदर्शनियों के माध्यम से कानून-व्यवस्था, औद्योगिक निवेश और सांस्कृतिक धरोहर की झांकी दिखाई जाएगी।
किसानों के लिए विशेष कार्यशालाएं और रात्रि चौपाल
अभियान के दौरान 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती व कृषि नवाचारों पर विशेष कार्यशालाएं आयोजित कर किसानों को आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों में 'रात्रि चौपाल' लगाकर स्थानीय स्तर पर ही जनशिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे मलिन बस्तियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं।
बैठक में ये प्रमुख जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्च स्तरीय बैठक में राज्यसभा सांसद श्रीमती दर्शना सिंह, राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, जिलाधिकारी (DM) चंद्र मोहन गर्ग, पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर. जगत साईं और अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।