Chandauli News : चंदौली में भाजपा नेता ने अपनी ही सरकार के चेयरमैन पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
Chandauli News : चंदौली में भाजपा नेता ने अपनी ही नगर पंचायत पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए, मुख्यमंत्री के निर्देश पर जांच टीम गठित की गई।
Chandauli News
Chandauli News : चंदौली जनपद के सैयदराजा नगर पंचायत में कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन शंकर जायसवाल ने वर्तमान नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय तक शिकायत भेजी है। शिकायत सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पूर्व चेयरमैन शंकर जायसवाल का आरोप है कि नगर पंचायत क्षेत्र में पहले से बनी हुई सड़कों और नालियों को बिना किसी ठोस आवश्यकता के तोड़कर दोबारा निर्माण कराया गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ। उन्होंने दावा किया कि कई स्थानों पर पुरानी इंटरलॉकिंग ईंटों का ही पुनः उपयोग किया गया, लेकिन नए निर्माण के नाम पर सरकारी खजाने से बड़ी रकम खर्च दिखा दी गई।
शिकायत में नगर पंचायत द्वारा कूड़ेदान वितरण, सड़क निर्माण, नाली निर्माण और अन्य विकास कार्यों में भी वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है। शंकर जायसवाल का कहना है कि विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के बंदरबांट की आशंका है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि पूर्व में बने कार्य गुणवत्तापूर्ण थे तो उन्हें तोड़कर दोबारा निर्माण कराने की आवश्यकता क्यों पड़ी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने जिला प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से वर्ष 2025 से अब तक नगर पंचायत में कराए गए सभी विकास कार्यों, उनकी लागत और भुगतान संबंधी विवरण मांगा गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है, जिसने संबंधित अभिलेखों और विकास कार्यों की पड़ताल शुरू कर दी है। इसी क्रम में पूर्व चेयरमैन शंकर जायसवाल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल सैयदराजा नगर पंचायत से जुड़े इस मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।