Chandauli News: खलिहान की जमीन पर कब्जे का आरोप, ट्रैक्टर से जुताई का वीडियो वायरल

Chandauli News: धरहरा गांव में खलिहान की जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई का आरोप, ग्रामीणों ने वीडियो वायरल कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की

Update:2026-08-11 10:22 IST

Chandauli News 

Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा तहसील क्षेत्र के धरहरा गांव में खलिहान की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद सामने आया है। मंगलवार की सुबह गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर खलिहान की जमीन पर कब्जा करने की नीयत से ट्रैक्टर से जुताई कराई जाने लगी। ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, खलिहान की जमीन पर कब्जे को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। मामले की शिकायत तहसील प्रशासन से की गई थी। आरोप है कि सोमवार को तहसील प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी और जमीन की स्थिति की जांच तथा पैमाइश करने की बात कही गई थी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद तहसीलकर्मी जमीन की पैमाइश नहीं कर सके। बताया गया कि पैमाइश के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीन खराब है, जिसके कारण टीम बिना कार्रवाई किए वापस लौट गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील कर्मियों के वापस लौटने के अगले ही दिन मंगलवार सुबह संबंधित जमीन पर ट्रैक्टर चलाकर जुताई शुरू कर दी गई। ग्रामीणों ने इसे खलिहान की जमीन पर कब्जे का प्रयास बताते हुए विरोध जताया। इसी दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने ट्रैक्टर से जमीन की जा रही जुताई का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि खलिहान की जमीन सार्वजनिक उपयोग के लिए होती है। ऐसे में यदि उस पर अवैध कब्जा होता है तो गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जमीन की पैमाइश कराने और यदि कब्जे का प्रयास हुआ है तो उसे तत्काल रोकने की मांग की है।

फिलहाल वायरल वीडियो के बाद मामला चर्चा में है। सकलडीहा तहसीदार अनुराग सिंह ने बताया था जानकारी के बाद लेखपाल को निर्देश दिया गया है।

Tags:    

Similar News