Chandauli News: मुगलसराय में 25 हजार की अवैध शराब के साथ बिहार की 5 महिलाएं गिरफ्तार

Chandauli News: मुगलसराय में पुलिस ने 70 लीटर अवैध देशी शराब के साथ बिहार की पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।

Update:2026-08-16 19:11 IST

Chandauli News

Chandauli News: वाह रे हमारा सिस्टम! वैसे तो बिहार में शराबबंदी का ढोल इतने जोर-शोर से पीटा जाता है कि सीमा पर परिंदा भी पर न मार सके, और यूपी में खाकी का ऐसा खौफ बताया जाता है कि अपराधी थर-थर कांपें। लेकिन जमीनी हकीकत? हकीकत यह है कि जब खाकी चैन की नींद सोती है, तब 'नारी शक्ति' आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिख रही होती है। कल तक जिस अवैध शराब के धंधे में सिर्फ पुरुषों का एकाधिकार माना जाता था, अब उसमें हमारी महिलाएं भी कंधे से कंधा मिलाकर उतर चुकी हैं। बराबरी का इससे बेहतर उदाहरण और क्या ही होगा!

मुगलसराय पुलिस की 'अति-सतर्क' गश्त को मात देते हुए बिहार के रोहतास और भोजपुर से आई पांच महिलाएं पुलिस कॉलोनी के ठीक सामने, एक पेड़ की ठंडी छांव में 70 लीटर (350 पाउच) अवैध 'ब्लू लाईम' देशी शराब भरकर बैठी थीं। कमाल देखिए, खाकी की नाक के नीचे से पूरा सिंडिकेट चल रहा था और प्रशासन को खबर तब लगी जब किसी मुखबिर ने जाकर पुलिस के कान में फुसफुसाया।

'नाइट शिफ्ट' का अनोखा कारोबार और आत्मनिर्भरता

पुलिस पूछताछ में इन महिलाओं ने जो खुलासा किया, वह हमारी गश्त व्यवस्था और आबकारी महकमे के गाल पर करारा तमाचा है। उनका सीधा गणित था—दिन में सरकारी ठेके खुलते हैं, तो धंधा मंदा रहता है। जैसे ही ठेके बंद होते हैं, इनकी 'नाइट शिफ्ट' शुरू हो जाती है। घूम-घूमकर पियक्कड़ों को ऊंचे दामों पर शराब बेचना और उस अवैध कमाई से अपना घर चलाना! यानी ठेका बंद होने के बाद का पूरा 'ब्लैक मार्केट' इन्हीं के भरोसे चल रहा था।

कागजी कार्रवाई और सलाखों के पीछे 'नारी शक्ति'

मुखबिर की कृपा से पुलिस की नींद टूटी, घेराबंदी हुई और 25 हजार रुपये की शराब के साथ बिहार की डोमनी देवी (50), राजमुनी कुँवर (50), विन्धयाचली कुँवर (50), हिरंगा देवी (38) और सुमन देवी (50) को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया।थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह और उनकी टीम ने महिलाओं को पकड़कर अपनी पीठ भले थपथपा ली हो, लेकिन सवाल वही है—क्या सीमा पार से शराब की यह तस्करी और रात का यह काला बाजार बिना प्रशासनिक अनदेखी के मुमकिन था?

Tags:    

Similar News