Chandauli News: चोरों ने उनवल गांव में 70 हजार नकदी समेत लाखों के जेवरात किए चोरी
Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र के ओनावल गांव में अज्ञात चोरों ने विकास यादव के घर से करीब 70 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोर घर के बक्से धान के खेत में फेंककर फरार हो गए।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के पुलिस के दावों के बीच चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ताजा मामला सकलडीहा थाना क्षेत्र के ओनावल गांव का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 70 हजार रुपये नकदी समेत लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मच गया, वहीं गांव में दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओनावल गांव निवासी विकास यादव के घर में बीती रात करीब दो बजे अज्ञात चोर घुस गए। घर के सदस्यों को भनक लगे बिना चोरों ने कमरों में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया। इस दौरान चोर घर में रखे करीब 70 हजार रुपये नकद, सोने की सिकड़ी, अंगूठी समेत उनकी पत्नी के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।पीड़ित विकास यादव के मुताबिक, चोरों ने बड़ी चालाकी से घर में रखे उनकी मां और पत्नी के बक्सों को भी उठा लिया और उन्हें घर से कुछ दूरी पर स्थित धान के खेत में फेंक दिया। चोरों ने बक्सों में रखे सामान को खंगालकर कीमती आभूषण और अन्य सामान निकाल लिया। सुबह जब परिजनों को चोरी की जानकारी हुई तो घर में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोगों ने आसपास तलाश की तो बक्से धान के खेत में पड़े मिले।
घटना की सूचना तत्काल सकलडीहा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से पूरी जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात चोरों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।सकलडीहा थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि पिता पुत्र घर में सोए थे और चोर चोरी करके चले गए मामले की जांच की जा रही है सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान की जा रही है।