Chandauli News: पति के आंखों के सामने पत्नी के सर पर चढ़ी ट्रक,मौत के बाद लोगों का फूटा गुस्सा

Chandauli News: चंदौली के दुल्हीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, परिजनों में कोहराम और लोगों में आक्रोश।

Update:2026-06-11 10:47 IST

Chandauli Road Accident News

Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित दुल्हीपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने ट्रक को रोककर उसका शीशा तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाराणसी के कोयला बाजार निवासी रुबीना बानो (37) अपने पति शाहिद के साथ बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रही थीं। दुल्हीपुर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य वाले हिस्से से गुजरते समय उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। संतुलन बिगड़ने के कारण रुबीना बानो सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आने से ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जुट गई। आक्रोशित लोगों ने ट्रक को रोक लिया और उसका शीशा तोड़ दिया। स्थिति बिगड़ती देख ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि दुल्हीपुर क्षेत्र में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य के कारण सड़क पर कई स्थानों पर अव्यवस्था बनी हुई है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने निर्माण एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।

सूचना मिलने पर मुगलसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

Tags:    

Similar News