Chandauli News: चोरी की बाइक के साथ शातिर चोर गिरफ्तार, बिहार में बेचने की थी योजना

Chandauli News: चंदौली पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ शातिर चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी बाइक को बिहार में बेचने की फिराक में था।

Update:2026-08-07 14:40 IST

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना चंदौली पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक अंतरराज्यीय बाइक चोर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी और गैंगस्टर एक्ट जैसे कई गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

थाना प्रभारी विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम 6 अगस्त 2026 को मझवार रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक से आ रहा है। कुछ ही देर में जब पुलिस ने आरोपी को रुकने का इशारा किया, तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और उसे मौके पर ही दबोच लिया।

अस्पताल से चुराई थी बाइक, बिहार में बेचने की थी तैयारी

पकड़े गए आरोपी की पहचान कृष्ण खरवार (35 वर्ष), निवासी कैमूर (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि उसने यह मोटरसाइकिल (कावासाकी बॉक्सर - UP65V8839) लगभग एक महीने पहले कमलापति अस्पताल से चुराई थी। चोरी के बाद उसने गाड़ी को बनारस कैंट स्टेशन के पास छिपा दिया था। आरोपी ने बताया कि वह और उसका साथी मिलकर वाहन चोरी करते हैं। पहचान छिपाने के लिए वे आरी के ब्लेड से गाड़ियों का चेसिस नंबर घिसकर मिटा देते हैं। इस बार वह चोरी की बाइक को बिहार ले जाकर शराब तस्करों को बेचने की फिराक में था, लेकिन रास्ते में ही धरा गया।

शातिर चोर पर दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर चंदौली थाने में चोरी और गैंगस्टर एक्ट सहित पहले से ही 6 मुकदमे दर्ज हैं।

कानूनी कार्रवाई और पुलिस टीम

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:

प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय

उप-निरीक्षक तरुण कश्यप (चौकी प्रभारी कस्बा)

हेड कांस्टेबल धीरेंद्र यादव और अखिलेश यादव

कांस्टेबल दीपक कुमार

Tags:    

Similar News