Chandauli News: शौच के लिए गए युवक की डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम; गांव में पसरा मातम
Chandauli News: अलीनगर थाना क्षेत्र के लाखापुर गांव में शौच के लिए गए युवक का शव गुरुवार सुबह पोखर में उतराया मिला, ग्रामीणों ने की मुआवजे की मांग।
Chandauli News: चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र के लाखापुर गांव में तालाब में डूबने से 34 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। एक दिन पहले से लापता युवक का शव गुरुवार की सुबह पोखर में उतराया मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, लाखापुर गांव निवासी स्वर्गीय फौजदार गिरी के पुत्र रविशंकर गिरी (34) बुधवार की देर शाम शौच के लिए गांव के समीप स्थित तालाब की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पैर फिसलने अथवा किसी अन्य कारण से वह गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। देर रात तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे, लेकिन उन्हें इस अनहोनी की आशंका नहीं थी।
गुरुवार की सुबह ग्रामीण जब तालाब की ओर पहुंचे तो पानी में एक युवक का शव उतराया हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल गांव में फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। शव की पहचान रविशंकर गिरी के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है कि रविशंकर गिरी बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा होने के कारण उनकी असामयिक मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के मुताबिक रविशंकर मिलनसार, सरल स्वभाव और सभी के सुख-दुख में शामिल होने वाले व्यक्ति थे। उनके अचानक चले जाने से गांव के लोग स्तब्ध हैं।
इस हृदय विदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष अथवा अन्य सरकारी सहायता के माध्यम से उचित आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ सहारा मिल सके।