Lucknow News: नगर निगम का संपूर्ण समाधान दिवस: नगर आयुक्त की मौजूदगी में मौके पर 91 शिकायतों का हुआ निस्तारण
नगर निगम लखनऊ की ओर से हर माह के पहले शुक्रवार को आयोजित किया जाने वाला संपूर्ण समाधान दिवस इस शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय के सभागार में सफलता के साथ संपन्न हुआ।
Lucknow News: Photo-Social Media
Lucknow News: नगर निगम लखनऊ की ओर से हर माह के पहले शुक्रवार को आयोजित किया जाने वाला संपूर्ण समाधान दिवस इस शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय के सभागार में सफलता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिसमें अधिकांश शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस न केवल एक शिकायत निवारण मंच है, बल्कि यह नागरिकों और प्रशासन के बीच पारदर्शी संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भविष्य में भी इस पहल में सक्रिय भागीदारी करें।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ समाधान दिवस
इस मौके पर नगर आयुक्त गौरव कुमार की अध्यक्षता में अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज कुमार, डॉ. अरविंद राव, जीएम जलकल कुलदीप सिंह, चीफ टैक्स असेसमेंट ऑफिसर अशोक सिंह सहित सभी जोनल अधिकारी, इंजीनियरिंग शाखा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, पशु कल्याण अधिकारी और सेनेटरी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने मिलकर नागरिकों की समस्याओं का पूरी गंभीरता और तत्परता से समाधान किया।
टैक्स विभाग ने जोनवार की 91 शिकायतों का समाधान
इस समाधान दिवस में टैक्स विभाग को कुल 91 शिकायतें प्राप्त हुईं, किस जोन में कितनी रही शिकायतें।
जोन 1 – 17 शिकायतें
जोन 2 – 2 शिकायतें
जोन 3 – 12 शिकायतें
जोन 4 – 10 शिकायतें
जोन 5 – 1 शिकायत
जोन 6 – 20 शिकायतें
जोन 7 – 20 शिकायतें
जोन 8 – 9 शिकायतें
नगर निगम ने इस दौरान जीआईएस कर से जुड़ी आपत्तियों का भी समाधान किया
बेबी रानी चौधरी टोला, वार्ड भारतेन्द्र हरीशचन्द्र) जीआईएस कर 54,000 से घटाकर 16,200 रूपए किया गया। सुधा वर्मा ओसो नगर, वार्ड केसरीखेड़ा–जीआईएस कर 18,000 से घटाकर 16,560 रूपए किया गया। प्रेम प्रकाश गुप्ता भवानीगंज–जीआईएस कर 14,400 से घटाकर 12,217 रूपए किया गया। तो वहीं उषा सिंह पसियाना, वार्ड खरिका द्वितीय)–जीआईएस कर 18,625 से घटाकर 11,340 रूपए किया गया।
तत्काल मिला समाधान
इन मामलों में नगर निगम ने वास्तविक मूल्यांकन कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाई। जलकल, मार्गप्रकाश और इंजीनियरिंग शाखा की भी रही सक्रिय भागीदारी जलकल विभाग को टैक्स से जुड़ी 4 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन्हें मौके पर ही सुलझा लिया गया।
मार्गप्रकाश विभाग को जोन 2 और जोन 6 से कुल 3 शिकायतें मिली, जिनका तत्काल समाधान कर दिया गया। वहीं इंजीनियरिंग शाखा को जोन 6 और 8 से निर्माण कार्यों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। विभाग ने डिमांड दर्ज कर कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी है।