Etah News: एटा में खाद वितरण में अनियमितताओं पर प्रशासन सख्त, औचक निरीक्षण में कार्रवाई
Etah News: एटा में खाद वितरण व्यवस्था पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। औचक निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई की गई और संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी किया गया।
Etah News
Etah News: जनपद में किसानों को समय पर और निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी अरविंद सिंह के निर्देश पर बुधवार को विभिन्न उर्वरक विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों पर सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों में अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी करते हुए कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जिला कृषि विभाग की टीम ने सबसे पहले अलीगंज चुंगी स्थित क्रय-विक्रय केंद्र का निरीक्षण किया, जहां गेहूं क्रय कार्य संचालित मिला तथा एनपीके उर्वरक की 512 बोरियां उपलब्ध पाई गईं। वहीं बी-पैक्स अलीगंज चुंगी पर आवश्यक अभिलेख अपूर्ण मिलने और रिकॉर्ड का समुचित संधारण न होने पर संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।इसके बाद गुप्ता खाद भंडार, कृभको केंद्र शीतलपुर, इफको केंद्र मंडी समिति और एटा केंद्रीय थोक उपभोक्ता सहकारी भंडार का भी निरीक्षण किया गया। जिला कृषि अधिकारी एन. पी. सिंह ने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों का पूरा विवरण अभिलेखों में दर्ज किया जाए तथा पीओएस मशीन से सत्यापन के बाद ही उर्वरकों का वितरण किया जाए।
इसी क्रम में विकास खंड निधौलीकलां स्थित बी-पैक्स निधौली पश्चिमी में खाद वितरण संबंधी गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर समिति सचिव तनिष्क उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा किसानों के शोषण की शिकायत मिलने पर लाइसेंस निलंबन, निरस्तीकरण और एफआईआर जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जनपद में वर्तमान समय में यूरिया 15,280 मीट्रिक टन, डीएपी 11,649 मीट्रिक टन तथा एनपीके 4,024 मीट्रिक टन उपलब्ध है। किसानों से आवश्यकता अनुसार ही उर्वरक खरीदने की अपील की गई है।