Etah News: दो महीने बाद भी बाइक लूट का खुलासा नहीं, अपराधियों के आगे बेबस दिख रही पुलिस

Etah News : एटा के सकरौली में दिनदहाड़े बाइक लूट के दो महीने बाद भी खुलासा नहीं, पीड़ित न्याय के लिए भटक रहा।

Update:2026-05-13 09:47 IST

Etah News

Etah News: जनपद एटा के थाना सकरौली क्षेत्र में हुई दिनदहाड़े बाइक लूट की वारदात का दो महीने बाद भी खुलासा न होना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस की तमाम दावों और सक्रियता के बावजूद पीड़ित अब तक न्याय और अपनी बाइक के इंतजार में भटक रहा है।

पीड़ित से मिली जानकारी के अनुसार थाना सकरौली क्षेत्र के गांव मुड़समा निवासी प्रशांत कुमार पुत्र प्रमोद कुमार 12 मार्च की दोपहर अपने खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया और उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP 82 AA 1866 लूटकर फरार हो गए। नदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

वहीं घटना के तुरंत बाद पीड़ित द्वारा थाना सकरौली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद पुलिस कार्रवाई सिर्फ फाइलों तक सीमित रह गई। दो महीने बीत जाने के बाद भी न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही लूटी गई बाइक बरामद हो पाई है।

पीड़ित प्रशांत कुमार का कहना है कि उन्होंने कई बार थाना पुलिस और अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। उनका आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेने के बजाय टालमटोल कर रही है। मेहनत की कमाई से खरीदी गई बाइक आज भी लापता है और वह मानसिक परेशानी से गुजर रहा है।

वहीं थाना प्रभारी नित्यानंद पांडे का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए पुलिस परी तरह से प्रयासरत हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि “जल्द कार्रवाई” का यही दावा पिछले दो महीनों से लगातार सुनने को मिल रहा है, लेकिन जमीन पर पुलिस की कोई ठोस उपलब्धि दिखाई नहीं दे रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर पुलिस प्रभावी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। अपराधियों में पुलिस का भय खत्म होता जा रहा है, जिससे आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।यह मामला सिर्फ एक बाइक लूट तक सीमित नहीं है, बल्कि जिले की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली की तस्वीर भी सामने ला रहा है। अब देखना होगा कि एटा पुलिस इस मामले का खुलासा कर जनता का भरोसा कायम कर पाती है या फिर यह मामला भी अन्य लंबित फाइलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Tags:    

Similar News