Etah News: ई-रिक्शा में दौड़े करंट ने छीनी मासूम की जिंदगी, चार वर्षीय बच्ची की मौत, चालक घायल
Etah News: एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मिहुता में चार्जिंग के दौरान ई-रिक्शा में करंट दौड़ने से चार वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। बच्ची को बचाने की कोशिश में ई-रिक्शा चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
Etah News
Etah News: जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मिहुता में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। ई-रिक्शा चार्ज करते समय उसमें अचानक करंट दौड़ जाने से वहां खेल रही चार वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने का प्रयास कर रहा ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 40 वर्षीय सतेंद्र पुत्र सोनेलाल अपने ई-रिक्शा को घर पर चार्जिंग में लगा रहे थे। इसी दौरान पास में खेल रही चार वर्षीय क्रांति, पुत्री अमित, अचानक ई-रिक्शा के पास पहुंच गई और उस पर बैठ गई। तभी किसी तकनीकी खराबी अथवा विद्युत प्रवाह के कारण पूरे ई-रिक्शा में करंट दौड़ गया।करंट की चपेट में आते ही मासूम बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक सतेंद्र भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल बच्ची को लेकर अलीगंज के एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि घटना के समय बच्ची के पिता घर पर मौजूद नहीं थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।सूचना मिलने पर अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, गंभीर रूप से घायल सतेंद्र का उपचार जारी है।एक पल की लापरवाही या तकनीकी खामी ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली, जिससे पूरे क्षेत्र में गहरा दुख और शोक व्याप्त है।