Etah News : अलीगंज को बड़ी सौगात: महिला थाना और दो पुलिस चौकियों के निर्माण को मिली मंजूरी

Etah News : अलीगंज में महिला थाना और दो नई पुलिस चौकियों की मंजूरी, करोड़ों की परियोजना से महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था होगी मजबूत।

Update:2026-06-14 21:44 IST

 Etah News

Etah News :  अलीगंज तहसील क्षेत्र को सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र में एक नए महिला थाने तथा दो पुलिस चौकियों के निर्माण को स्वीकृति मिलने के बाद रविवार को भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम संपन्न हुआ। इन परियोजनाओं के पूरा होने से महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच को और अधिक मजबूती मिलेगी।

अलीगंज-मैनपुरी मार्ग पर प्रस्तावित महिला थाना भवन का भूमि पूजन मा. विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता एवं क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ। करीब 3.30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह महिला थाना क्षेत्र की महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने, कानूनी सहायता प्राप्त करने और न्याय पाने के लिए एक समर्पित मंच उपलब्ध कराएगा। महिला उत्पीड़न और महिला अपराधों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण में यह थाना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसके साथ ही थाना जसरथपुर और थाना नयागांव क्षेत्र में 95-95 लाख रुपये की लागत से दो नई पुलिस चौकियों के निर्माण का भी भूमि पूजन किया गया। इन चौकियों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और अपराध की घटनाओं पर त्वरित प्रतिक्रिया संभव हो सकेगी। साथ ही आम नागरिकों को अपनी शिकायतों के समाधान के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आधारभूत ढांचे का लगातार विस्तार किया जा रहा है। महिला थाना और दोनों पुलिस चौकियों का निर्माण इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि जनता को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।

Tags:    

Similar News