Etah News: रसूखदार ने रोकी जलनिकासी, गांव में संचारी रोग फैलने की आशंका, ग्रामीण ने SDM से की शिकायत
Etah News: जलेसर क्षेत्र के ग्वालियरा गांव में जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं। एसडीएम से शिकायत कर जलनिकासी बहाल कराने और दोषी पर कार्रवाई की मांग की गई।
रसूखदार ने रोकी जलनिकासी, गांव में संचारी रोग फैलने की आशंका, ग्रामीण ने SDM से की शिकायत (Photo- Newstrack)
Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के थाना व तहसील जलेसर क्षेत्र के थाना शकरौली अंतर्गत ग्राम ग्वालियरा में जलभराव की समस्या को लेकर एक ग्रामीण ने उपजिलाधिकारी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। ग्रामीण का आरोप है कि गांव के एक प्रभावशाली व्यक्ति द्वारा पानी की निकासी नहीं होने दी जा रही है, जिससे रास्ते पर लंबे समय से जलभराव बना हुआ है और संक्रमण फैलने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
गांव निवासी ज्ञानेन्द्र पाल सिंह ने उपजिलाधिकारी पीयूष रावत को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनके मकान के सामने स्थित सड़क पर करीब एक फीट तक पानी भरा हुआ है। गर्मी के मौसम में इस जलभराव के कारण मच्छरों और मक्खियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे डेंगू, मलेरिया तथा अन्य संचारी रोग फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों को आवागमन में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव निवासी वीरेन्द्र सिंह पुत्र पूरन सिंह जलनिकासी के लिए नाली निर्माण अथवा पानी निकालने की व्यवस्था नहीं होने दे रहे हैं। जब भी पानी की निकासी कराने का प्रयास किया जाता है तो वह विवाद और झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। इससे समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है और जलभराव लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीण ने एसडीएम से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही हल्का लेखपाल, राजस्व निरीक्षक तथा पुलिस बल के साथ मौके का निरीक्षण कराकर तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि गांव में किसी प्रकार की संक्रामक बीमारी फैलने से रोका जा सके।
उपजिलाधिकारी पीयूष रावत ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। संबंधित अधिकारियों को मौके पर जांच कर समस्या के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोषी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।