Etah New: विश्व योगासन चैंपियनशिप में जलेसर के अनिल कुशवाह ने निभाई अहम भूमिका, लौटने पर भव्य स्वागत

Etah News: जलेसर के राष्ट्रीय योगासन जज एवं कोच अनिल कुशवाह ने अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 में लाइजनिंग डेवलपमेंट ऑफिसर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Update:2026-06-13 21:35 IST

Etah News

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के जलेसर क्षेत्र निवासी राष्ट्रीय योगासन जज एवं कोच अनिल कुशवाह ने गुजरात के अहमदाबाद स्थित ईका एरिना स्टेडियम में 4 से 8 जून तक आयोजित प्रथम विश्व योगासन चैंपियनशिप-2026 में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में उन्हें लाइजनिंग डेवलपमेंट ऑफिसर (एलडीओ) जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रतियोगिता से लौटने पर नगरवासियों एवं खेल प्रेमियों ने उनका भव्य स्वागत कर सम्मानित किया।

अनिल कुशवाह ने बताया कि एलडीओ के रूप में उनका दायित्व 75 देशों से आए 500 से अधिक खिलाड़ियों, उनके कोचों तथा अंतरराष्ट्रीय आयोजन समिति के बीच समन्वय स्थापित करना था। उन्होंने खिलाड़ियों को भाषा, आवास, प्रतियोगिता संबंधी जानकारी एवं अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग प्रदान किया। उनके प्रयासों से प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।उन्होंने कहा कि योग की भूमि भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का विषय है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में कार्य करने से न केवल अनुभव बढ़ता है, बल्कि विश्व स्तर पर योगासन खेल को नई पहचान भी मिलती है।विश्व योगासन चैंपियनशिप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, योग गुरु स्वामी रामदेव तथा केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया सहित अनेक गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति रही।

वर्ल्ड योगासन के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अनिल कुशवाह को सम्मान पदक एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।अनिल कुशवाह ने इस अवसर पर उत्तर प्रदेश योगासन समिति के सचिव रोहित कौशिक का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और विश्वास के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में योगासन खेल को ओलंपिक स्तर तक पहुंचाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।उनकी इस उपलब्धि पर विधायक संजीव दिवाकर, पालिकाध्यक्ष गौरी वर्मा, डॉ. ओमकार सिंह, बीएल कुशवाह, दिलीप यादव, अजय मोहन शर्मा, धनराज आलोक सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

Tags:    

Similar News