Etah News: बाकलपुर में गंदे पानी से डूबीं गलियां, संक्रामक रोगों का बढ़ा खतरा

Etah News: एटा के बाकलपुर गांव में चोक नालियों से जल निकासी ठप, गलियों में भरा गंदा पानी। बदबू और मच्छरों से ग्रामीण परेशान, प्रशासन से समाधान की मांग की।

Update:2026-06-13 18:29 IST

 बाकलपुर में गंदे पानी से डूबीं गलियां, संक्रामक रोगों का बढ़ा खतरा (Photo- Newstrack)

Etah News: एटा जनपद की तहसील जलेसर विकास खंड अवागढ़ की ग्राम पंचायत इसौली के गांव बाकलपुर में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमराने से ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो गया है। गांव की कई गलियां गंदे पानी से जलमग्न हैं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के गंदे पानी की निकासी के लिए गांव से बाहर नाले तक एक पक्की नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन नाली पूरी तरह चोक होने के कारण पानी की निकासी बंद हो गई है। परिणामस्वरूप गंदा पानी ओवरफ्लो होकर गलियों में भर रहा है। कई स्थानों पर पानी जमा रहने से बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है।

स्वच्छता व्यवस्था बदहाल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में तैनात सफाई कर्मी नियमित रूप से सफाई करने नहीं आते हैं। इससे नालियां गंदगी से पट गई हैं और स्वच्छता व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के बावजूद गांव में सफाई व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने जिलाघिकारी अरविन्द कुमार सिंह से तत्काल नाली की सफाई कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे जिलाधिकारी एटा से मिलकर सामूहिक रूप से शिकायत पत्र सौंपेंगे और आंदोलन करने को भी मजबूर होंगे।

इस संबंध में भंवर पाल सिंह, लोकेंद्र पाल सिंह, राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, अजेंद्र प्रताप सिंह, बंटू ठाकुर, रामपाल सिंह, रमेश पाल सिंह, सुरेश पाल सिंह, रघुवीर सिंह, धर्मवीर सिंह सहित अनेक ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Tags:    

Similar News