Etah News: मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे : कैलाश सिंह राजपूत
Etah News: एटा में प्रभारी मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य और आर्थिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
Etah News
Etah News: भारत सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संचालित "सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान" अभियान के तहत शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मीडिया संवाद कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जनपद प्रभारी मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रभारी मंत्री ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष देश के नवनिर्माण, आर्थिक सुदृढ़ीकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश की सुरक्षा व्यवस्था, अर्थव्यवस्था, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य सेवाओं, तकनीक और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिले हैं। केंद्र सरकार ने गरीबों के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सौभाग्य योजना तथा निःशुल्क खाद्यान्न वितरण जैसी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि भारत आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर चुका है। कोविड-19 महामारी के दौरान भारत ने अपने नागरिकों को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराने के साथ-साथ अनेक देशों की सहायता कर मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि आज का भारत अपनी संप्रभुता और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सजग एवं सक्षम है तथा किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में समर्थ है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, अलीगंज विधायक सत्यपाल सिंह राठौर, जलेसर विधायक संजीव दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख पुष्पेंद्र लोधी, रवि वर्मा, जिला महामंत्री सुशील कुमार गुप्ता, मीडिया प्रभारी विक्रांत माधोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।