Etah News: एटा में आरक्षी भर्ती परीक्षा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा
Etah News: एटा में 8, 9 और 10 जून 2026 को होने वाली आरक्षी भर्ती परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी और एसएसपी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
Etah News
Etah News: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी भर्ती परीक्षा को जनपद में निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आपको बताते चलें जनपद में 08, 09 एवं 10 जून 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3120 अभ्यर्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्थाएं लागू की हैं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने गांधी स्मारक इंटर कॉलेज एवं जवाहर लाल नेहरू डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की तैयारियां, सुरक्षा प्रबंधों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने केंद्र व्यवस्थापकों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी एटा श्वेता सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।