Etah News महिला से दुष्कर्म का आरोप, 18 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज न होने पर उठे सवाल, आरोपी हिरासत में

Etah News : एटा के जलेसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप, 18 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल।

Update:2026-06-01 22:26 IST

Etah Rape Allegation Case

Etah News: जलेसर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के करीब 18 घंटे बाद तक भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया, जबकि आरोपी को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया था। घटना से जुड़े फोटो, ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात गांव निवासी एक नामजद युवक पर घर में घुसकर महिला के साथ जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया। परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद महिला की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दी गई, लेकिन इसके बावजूद देर शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। पीड़ित पक्ष ने तहरीर की प्रति भी सोशल मीडिया पर साझा की है। वहीं सोमवार दोपहर एक ऑडियो भी वायरल हुआ, जिसमें पीड़िता का पति पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए सुनाई दे रहा है।

घटना के संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह राघव का कहना है कि उन्हें अभी तक पीड़िता की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस का यह बयान और पीड़ित पक्ष के आरोप आमने-सामने हैं, जिससे मामले को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है।फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में बताया जा रहा है, जबकि मुकदमा दर्ज होने और आगे की कार्रवाई को लेकर लोगों की नजरें पुलिस पर टिकी हुई हैं।

Tags:    

Similar News