Etah News: पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप: मारी गोली, बचाने पहुंचे परिजनों समेत 8 घायल, गांव में तनाव

Etah News: पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक युवक को गोली मार दी गई। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों समेत 8 लोग घायल हो गए, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

Update:2026-05-28 12:00 IST

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: एटा जनपद के थाना पिलुआ क्षेत्र स्थित नया बांस गांव में पुरानी रंजिश के चलते वृहस्पतिवार को दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि शौच के लिए जा रहे एक युवक को घेरकर गोली मार दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों और अन्य लोगों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना में गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुल आठ लोग चोटिल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नया बांस गांव निवासी अजय कुमार पुत्र रनबीर सिंह सुबह शौच के लिए जा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे गांव के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अजय पर गोली चला दी। गोली अजय की कमर के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीण जब अजय को बचाने लगे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में अजीत (25), अजय (30), रामनरेश (49), नरेंद्र (17), प्रवीण (38), विनय (38), प्रवीण (34) और रणवीर घायल हो गए। घायलों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आई हैं।

घायल अजय का आरोप है कि जागेश्वर, योगेश पुत्र ज्ञान सिंह, हरिनंदन पुत्र ज्ञान सिंह, शिवकुमार पुत्र राजवीर सिंह और जागेश्वर पुत्र राजवीर से उनका लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। उनका कहना है कि फरवरी माह में भी आरोपियों द्वारा मारपीट और फायरिंग की गई थी, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही थाना पिलुआ पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल अजय को उपचार के लिए वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज एटा भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी संदीप राणा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति को गोली लगी है तथा कई लोग घायल हुए हैं। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि रंजिश के चलते हुये झगड़े में एक युवक गोली लगने व अन्य आठ युवक मारपीट में घायल हुए हैं। रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।

Tags:    

Similar News