Etah News: एटा में विवाहिता का शव फंदे पर मिला, दहेज हत्या का आरोप
Etah News: एटा के दूल्हापुर गांव में विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया।
एटा में विवाहिता का शव फंदे पर मिला, दहेज हत्या का आरोप (Photo- Newstrack)
Etah News: एटा। जनपद के थाना निधौली कला क्षेत्र के गांव दूल्हापुर में एक विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार गांव दूल्हापुर निवासी 22 वर्षीय सुमन पत्नी गौरव का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी पर लटका मिला। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था- परिजन
बताया गया है कि सुमन की शादी 2 फरवरी 2025 को गौरव के साथ हुई थी। विवाह को अभी अधिक समय भी नहीं बीता था कि उसकी मौत की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया। मृतिका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही सुमन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का आरोप है कि लगातार उत्पीड़न के चलते उनकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है।
घटना के बाद से ससुराल पक्ष के कई सदस्य मौके से फरार हो गए हैं, जिससे घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी जलेसर योगेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही परिजनों द्वारा दहेज हत्या के लगाए गए आरोपों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। उनका कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद गांव दूल्हापुर और आसपास के क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।