Etah News: भागवत कथा पंडाल में कंस वध के दौरान हर्ष फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार
Etah News: एटा के अवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुसवा में आयोजित भागवत कथा कार्यक्रम के दौरान कंस वध मंचन के समय हर्ष फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
Etah News
Etah News: एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद के अवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुसवा में आयोजित भगवत कथा कार्यक्रम के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो लाइसेंसी हथियार भी बरामद किए हैं। घटना के बाद इलाके में चर्चा का विषय बनी फायरिंग को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुसवा में भगवत कथा पंडाल में धार्मिक आयोजन के दौरान हर्ष फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना का वीडियो और सूचना सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों रघुराज सिंह (45) पुत्र बाबू सिंह और भूरी सिंह (50) पुत्र चंद्रपाल सिंह, दोनों निवासी ग्राम कुसवा थाना अवागढ़ को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाइसेंसी रायफल और एक लाइसेंसी डीबीबीएल बंदूक बरामद की है, जिन्हें घटना में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना अवागढ़ में दर्ज मुकदमा संख्या 107/2026 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी रघुराज सिंह पर पूर्व में मारपीट और धमकी से जुड़े कई मुकदमे दर्ज रहे हैं, जबकि भूरी सिंह के खिलाफ इसी मामले में कार्रवाई की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अवागढ़ पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश दीक्षित का कहना है कि सार्वजनिक और धार्मिक आयोजनों में हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा इस घटना में भी इन लोगों ने कंश वध किया था और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।