Etah News : एटा में बड़े बैंक बकायेदारों पर प्रशासन का शिकंजा, शुरू होगी कुर्की कार्रवाई
Etah News : एटा में बैंक ऋण नहीं चुकाने वाले बड़े बकायेदारों पर प्रशासन सख्त, जल्द शुरू होगी कुर्की और वसूली कार्रवाई।
Etah News : एटा उत्तर प्रदेश के एटा जनपद में लंबे समय से बैंकों का कर्ज न चुकाने वाले बड़े बकायेदारों और डिफाल्टरों के खिलाफ जिला प्रशासन अब सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रहा है। तहसील सदर एटा में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में प्रशासन और बैंक अधिकारियों ने मिलकर ऐसे लोगों पर शिकंजा कसने की रणनीति तैयार की, जो वर्षों से बैंक ऋण जमा नहीं कर रहे हैं। बैठक के बाद स्पष्ट संकेत मिल गए हैं कि गुरुवार से तहसील क्षेत्र में बड़े स्तर पर कुर्की और वसूली अभियान शुरू किया जाएगा।
एटा स्थित तहसील सदर के सभागार में आयोजित इस उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी (SDM) सदर सुश्री श्वेता सिंह ने की। बैठक निवर्तमान जिलाधिकारी श्री अरविन्द सिंह के मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई। इस दौरान अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM), आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक, तहसीलदार नीरज कुमार वार्ष्णेय, नायब तहसीलदार सुशील राजपूत समेत विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी और संग्रह अमीन मौजूद रहे।
बैठक में बकाया ऋण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने साफ कहा कि जानबूझकर बैंक का पैसा दबाकर बैठे लोगों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन और बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाते हुए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो वसूली हेतु मैदान में उतरेंगी। टीमों द्वारा डिफाल्टरों की संपत्तियों का सत्यापन कर कुर्की की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि जिन लोगों ने बैंक ऋण लिया है, वे समय रहते अपना बकाया जमा करा दें, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई के साथ संपत्ति जब्ती जैसी कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। जिले में इस अभियान को लेकर बकायेदारों में हलचल तेज हो गई है।