Etah News: जलेसर में मेडिकल स्टोर संचालक से रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई
Jalesar News: एटा के जलेसर में मेडिकल स्टोर संचालक से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। कैमिस्ट यूनियन के विरोध के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
Jalesar News(Photo-Social Media)
Jalesar News: एटा जनपद के थाना जलेसर क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालक से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कैमिस्ट यूनियन के विरोध और व्यापारियों की नाराजगी के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए करीब 12 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया। जानकारी के अनुसार कैमिस्ट यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश ने जलेसर में व्यापारियों और कैमिस्टों की एक बैठक आयोजित कर पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस पर बढ़ते दबाव के बीच थाना जलेसर पुलिस ने अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने वांछित अभियुक्त सचिन यादव पुत्र अजीत सिंह निवासी ग्राम भूड गड्डा बैगमपुर थाना जलेसर को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना जलेसर में मुकदमा संख्या 209/2026 के तहत धारा 191(2), 115(2), 351(3) और 308(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजयपाल सिंह, उपनिरीक्षक रविराज सिंह, हेड कांस्टेबल अफरोज खान और कांस्टेबल हिमांशु शामिल रहे। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और कैमिस्टों ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।