Etah News: एटा में जेबकतरे को पकड़ने पर हंगामा, महिलाओं और बच्चों ने पुलिस से की धक्का-मुक्की

Etah News: एटा के अलीगंज तिराहे पर जेब काटते पकड़े गए युवक को छुड़ाने के प्रयास में महिलाओं और बच्चों ने पुलिस से धक्का-मुक्की कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Update:2026-05-18 20:59 IST

Etah News

Etah News: शहर के व्यस्त अलीगंज तिराहे पर सोमवार को जेबकतरों का आतंक एक बार फिर सामने आया, जब एक युवक को राहगीर की जेब काटते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। घटना के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और आरोपी को छुड़ाने के प्रयास में कंजड वस्ती (हिन्दू नगर) की महिलाओं और बच्चों द्वारा पुलिस से धक्का-मुक्की किए जाने का मामला भी सामने आया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के अलीगंज चुंगी इलाके में एक युवक की जेब से करीब साढ़े सात सौ रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विशाल पुत्र अनिल निवासी हिन्दू नगर ने नर्सरी एवं जिला उद्यान कार्यालय के पास उसकी जेब काटी और विरोध करने पर मारपीट भी की। पीड़ित आरोपी का पीछा करते हुए अलीगंज तिराहे तक पहुंच गया, जहां उसने शोर मचाया।शोर सुनकर चौराहे पर तैनात तथा वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया। इसी दौरान हिन्दू नगर की कुछ महिलाएं और बच्चे मौके पर पहुंच गए और आरोपी को छुड़ाने के प्रयास में पुलिस से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। कुछ देर तक चौराहे पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जिससे राहगीरों और यात्रियों में दहशत फैल गई।

स्थिति बिगड़ती देख कोतवाली नगर प्रभारी अजब सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।प्रभारी कोतवाली नगर अजब सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पीड़ित द्वारा जेब काटने की लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Tags:    

Similar News