Etah News: एटा में जीटी रोड पर स्कोर्पियो सवारों की गुंडई साइड न देने पर दूसरी कार को रोक चालक से सरेआम मारपीट
Etah News : एटा में जीटी रोड पर साइड न देने को लेकर स्कॉर्पियो सवारों ने कार चालक को रोककर सरेआम की मारपीट।
Etah News
Etah News : एटा जनपद मुख्यालय स्थित जीटी रोड पर रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार में सवार अराजक तत्वों ने दूसरी कार चालक को रोककर सरेआम जमकर मारपीट कर दी। सरेआम मारपीट की घटना को देख राहगीरों में हड़कंप मच गया और किसी ने तत्काल पुलिस को सूचना दे दी। मामला थाना कोतवाली नगर क्षेत्र की इन्द्रपुरी पुलिस चौकी अंतर्गत अरुणा नगर गेट के पास का बताया जा रहा है। घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की बताई जाती है।
पीड़ित राजीव मिश्रा निवासी ग्राम लखनपुर, थाना सिद्धपुरा,जनपद कासगंज वर्तमान में नोएडा में एक कंपनी में कार चालक का कार्य करते हैं। राजीव के अनुसार वह नोएडा से अपने घर आए हुए थे और वापस जाते समय मेडिकल स्टोर से दवा लेने के लिए अपनी कार का यू-टर्न ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से स्कॉर्पियो और एक अन्य कार में सवार पांच-छह लोग वहां पहुंचे और बिना किसी वजह के उनके साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
राजीव ने बताया कि हमले के दौरान उनके कपड़े तक फट गए। वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक के साथ भी आरोपियों ने मारपीट कर दी, जिससे उसके कपड़े भी फट गए। सड़क पर हो रही मारपीट देखकर बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्र हो गए। इसी बीच पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही आरोपी अपनी कार को लेकर मौके से फरार हो गए।सूचना पर पहुंचे इन्द्रपुरी चौकी इंचार्ज राजकुमार सिंह घायल चालक को अपने साथ चौकी ले गए।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मियों ने पिलुआ की ओर भाग रही स्कॉर्पियो का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सके।पीड़ित राजीव मिश्रा ने चौकी इंचार्ज को तहरीर देकर पांच अज्ञात लोगों एवं बिना नंबर की कार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।समाचार लिखे जाने तक कार व उसमें सवारों का कोई पता नहीं चल सका था। सरेआम जी.टी रोड पर घटी मारपीट की घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।