Etah News: लखनऊ में अधिवक्ताओं से पुलिस अभद्रता के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन, SDM को सौंपा ज्ञापन

Etah News: जलेसर तहसील के अधिवक्ताओं ने लखनऊ में पुलिस द्वारा कथित अभद्रता और मारपीट के विरोध में प्रदर्शन किया। वकीलों ने जुलूस निकालकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।

Update:2026-05-18 18:31 IST

Etah News

Etah News: एटा जनपद की तहसील जलेसर के अधिवक्ताओं ने प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं के साथ कथित मारपीट और उनके चैम्बरों को तोड़े जाने की घटना के विरोध में सोमवार को जलेसर तहसील परिसर में अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। तहसील बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।

सोमवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे तहसील परिसर स्थित बार सभागार में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्रित हुए। बैठक में लखनऊ की घटना की कड़ी निंदा करते हुए एक निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे।अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी पीयूष रावत को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि लखनऊ में अधिवक्ताओं के साथ मारपीट करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, घायल अधिवक्ताओं का समुचित उपचार कराया जाए तथा तोड़े गए चैम्बरों का पुनर्निर्माण कराया जाए।

तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेश्वर सिंह यादव ने कहा कि पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं के साथ किया गया व्यवहार बेहद निंदनीय और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि घटना से पूरे प्रदेश के अधिवक्ताओं में भारी रोष व्याप्त है। विरोध स्वरूप अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से विरत रहने का भी निर्णय लिया।प्रदर्शन के दौरान महासचिव द्विजेन्द्र सिंह, दयाराम यादव, सुरेन्द्र देव पाठक, सुनील यादव, सुनील दीक्षित, रमेश पाल सिंह, विष्णु गोपाल दीक्षित, रामप्रकाश सिंह, विनोद उपाध्याय, प्रमोद पचौरी, केपी सिंह, लायक सिंह यादव, सुदीप पाठक, जेपी सिंह, कमलेश सारस्वत, गौरव जादौन, राजेश कुलश्रेष्ठ, विजय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News