Etah News: दीपावली पर दिल्ली से गांव आया था 42 वर्षीय रामसेवक, दो दिन बाद नाले में मिला शव

Etah News: एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र के गांव भदवास में 42 वर्षीय रामसेवक का शव नाले में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक दीपावली पर दिल्ली से अपने छोटे बेटे के साथ गांव आया था और आठ नवंबर की रात लापता हो गया था।

Update:2026-11-10 14:00 IST

Etah News

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में दीपावली के दौरान अचानक लापता हुए 42 वर्षीय व्यक्ति का चाकुओं से गोदा हुआ शव नाले में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक दीपावली के अवसर पर दिल्ली से अपने छोटे बेटे के साथ गांव आया था। परिजनों ने उसकी पत्नी समेत अन्य लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रामसेवक (42) निवासी गांव भदवास, थाना पिलुआ के रूप में हुई है। वह दिल्ली में रहकर गाड़ी चलाने का काम करता था। दीपावली के अवसर पर वह अपने छोटे बेटे के साथ गांव आया हुआ था। परिजनों के मुताबिक, आठ नवंबर की रात करीब 10 बजे वह अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका।मंगलवार को गांव के पास नाले में रामसेवक का शव पड़ा मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। शव पर चाकुओं से वार किए जाने के निशान बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया।परिजनों ने रामसेवक की पत्नी समेत कुछ अन्य लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। बताया गया है कि उसकी पत्नी पिछले करीब डेढ़ साल से उससे अलग रह रही थी।

दोस्त ने पत्नी पर लगाया हत्या कराने का आरोप

मृतक के दोस्त संजय ने बताया कि वह दिल्ली में रामसेवक के साथ काम करता था। उसके मुताबिक, रामसेवक दिल्ली में मजदूरी का काम करता था। संजय का आरोप है कि रामसेवक की पत्नी सीमा पिछले करीब डेढ़ साल से अपने पति से अलग रह रही थी और गांव के ही आकाश नामक युवक के साथ रहती थी।

संजय ने आरोप लगाया कि सीमा ने रामसेवक को पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। उसका दावा है कि इसी रंजिश के चलते रामसेवक की हत्या कराई गई है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

थानाध्यक्ष पिलुआ संदीप राणा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News