Etah News: मिट्टी से भरी ट्रॉली बाइक पर पलटी, तीन लोग दबे, महिला गंभीर
Etah News: पंवास के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मारकर पलट गई, ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकाला, महिला को गंभीर हालत में हायर सेंटर किया गया रेफर।
मिट्टी से भरी ट्रॉली बाइक पर पलटी, तीन लोग दबे, महिला गंभीर (Photo- Social Media)
Etah News: एटा जनपद में मिट्टी खनन और परिवहन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लापरवाही राहगीरों की जान पर भारी पड़ रही है। जहां खुलेआम बिना नंबर के ट्रैक्टर ट्रॉली अवैध मिट्टी लेकर सड़कों पर दौड़कर परिवहन विभाग को चुनौती दे रहे हैं कोतवाली देहात क्षेत्र के पंवास के पास बुधवार शाम करीब 6:30 बजे मिट्टी से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने गलत दिशा में आकर बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक समेत तीनों लोगों के ऊपर पलट गई। हादसे में तीनों ट्रॉली के नीचे दब गए।
ग्रामीणों और राहगीरों ने बचाई तीनों की जान
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नीचे दबे तीनों लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यदि समय रहते ग्रामीण और राहगीर सक्रिय होकर बचाव में नहीं जुटते तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घायलों की पहचान जीसुखपुर निवासी नीलम (50), पत्नी वीरेंद्र, राजकुमारी, पत्नी संजय सिंह तथा दिल्ली निवासी अरविंद (20) के रूप में हुई है। तीनों एटा बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे। नीलम के पति वीरेंद्र के मुताबिक, मिट्टी से भरा ट्रैक्टर अचानक गलत दिशा से आया और बाइक को टक्कर मारते हुए पलट गया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद नीलम की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है।
खनन की अनुमति, फिर भी परिवहन के तरीके पर सवाल
हादसे के बाद मिट्टी खनन और उसके परिवहन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। शाम के व्यस्त समय में गलत दिशा से आ रही मिट्टी से भरी ट्रॉली का बाइक पर पलटना गंभीर लापरवाही की ओर इशारा कर रहा है।कोतवाली देहात प्रभारी केके लोधी ने बताया कि बॉबी नाम के व्यक्ति के पास मिट्टी खनन की अनुमति है और संबंधित ट्रैक्टर उसी मिट्टी का परिवहन कर रहा था। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर पुलिस हादसे के कारणों और खनन संबंधी नियमों के पालन की जांच कर रही है।