Etah News: भैया दूज पर एटा में मातम, संदिग्ध शराब पीने से तीन चचेरे भाइयों की मौत; मिलावट का आरोप

Etah News: एटा के किशोरपुर गांव में भैया दूज के दिन संदिग्ध शराब पीने से तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। परिजनों ने नकली और मिलावटी शराब पीने का आरोप लगाया है।

Update:2026-11-11 19:29 IST

Etah News

Etah News: जनपद के थाना निधौली कलां क्षेत्र में भैया दूज के त्योहार पर जहां बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र की कामना करते हुए उनका तिलक कर रही थीं, वहीं एटा के किशोरपुर गांव में तीन बहनों के घर मातम पसर गया। त्योहार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब संदिग्ध शराब पीने के बाद तीन चचेरे भाइयों की मौत हो गई। तीनों की एक साथ मौत से न केवल परिवारों की खुशियां उजड़ गईं, बल्कि भैया दूज के दिन तीन बहनों ने अपने भाइयों को हमेशा के लिए खो दिया।

जनपद के थाना निधौली कलां क्षेत्र के किशोरपुर गांव निवासी अजीत (18) पुत्र चंद्रपाल, जीतू (21) पुत्र लेखराज और शिव कुमार (19) पुत्र दुर्ग विजय बुधवार दोपहर गांव के पास एक समर (सबमर्सिबल) के नजदीक बैठकर शराब पी रहे थे। बताया जा रहा है कि शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ दूरी पर तीनों बाइक समेत जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का आरोप है कि तीनों ने एक्सपायरी और नकली मिलावटी शराब का सेवन किया था, जिसके कुछ ही मिनट बाद उनकी हालत बिगड़ गई। हालांकि, शराब में मिलावट या किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी एम. अरुण मौली और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन जी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए विसरा सुरक्षित रखकर जांच कराई जा रही है।भैया दूज के दिन तीन घरों में छाए इस मातम ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिन बहनों को इस दिन अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना करनी थी, उनकी आंखों में अब जिंदगी भर का दर्द है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News